हाथरस 02 अक्टूबर। दो सगी बहनों की शादी दो सगे भाइयों से होने के बाद दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर दो लाख रुपये नकद, सोने की चेन और अंगूठी की मांग करने तथा मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। थाना मुरसान क्षेत्र के गांव पटैनी निवासी टीटू की पुत्री निताशा ने महिला थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 22 अप्रैल 2023 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सहपऊ क्षेत्र के रहने वाले सुभाष पुत्र प्रेमपाल के साथ हुई थी। उसकी छोटी बहन आशू का विवाह सुभाष के सगे भाई आकाश के साथ हुआ था। पीड़िता के अनुसार, पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार शादी में दान-दहेज दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुर, पति, देवर और सास अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। ससुराल पक्ष द्वारा दो लाख रुपये नकद, दो सोने की चेन और अंगूठी की मांग किए जाने का आरोप है। पीड़िता का कहना है कि पिता की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं कर सकी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और करीब तीन वर्ष पहले उसे घर से निकाल दिया गया। उसका दो वर्ष का एक बेटा भी है। शिकायत में पति पर किसी अन्य महिला से संबंध होने का आरोप लगाते हुए कहा गया है कि वह आए दिन उसके साथ मारपीट कर मायके भेज देता है। पीड़िता के अनुसार, परिवार के लोगों ने कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





