हाथरस/सादाबाद 02 अक्टूबर। थाना सादाबाद क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामनगर में हुए शमसुद्दीन और उनकी पहली पत्नी समीना उर्फ सद्दो के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी गौरव सिकरवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी थाना क्षेत्र के सरौठ बंबा से एसओजी टीम और सादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान की गई। आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, पीली धातु के दो कान की बालियां, दो कुंडल, दो चूड़ियां तथा छह हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 26/27 सितंबर 2026 की रात मोहल्ला इस्लामनगर, कस्बा सादाबाद में शमसुद्दीन और उनकी पहली पत्नी समीना उर्फ सद्दो की मकान की प्रथम मंजिल पर धारदार एवं नुकीले हथियारों से वार कर हत्या कर दी गई थी। वारदात के दौरान घर की अलमारी और बक्सों को खंगालकर आभूषण, नकदी एवं घड़ी भी लूट लिए गए थे। घटना के संबंध में मृतक के भाई शेर मोहम्मद की तहरीर के आधार पर 27 सितंबर को थाना सादाबाद में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेश पर एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस समेत सात टीमों का गठन किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सादाबाद के निकट पर्यवेक्षण में गठित टीमों ने घटनास्थल से मिले भौतिक सुरागों, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों तथा घटनास्थल तक आने-जाने वाले संभावित रास्तों की जांच शुरू की। पुलिस टीमों द्वारा लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश एवं अन्य कार्रवाई की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक 30 सितंबर को एसओजी, सादाबाद पुलिस एवं अन्य टीमों की कार्रवाई में दो अभियुक्तों और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में घटना के मुख्य सूत्रधार के रूप में गौरव सिकरवार पुत्र लाल सिंह सिकरवार निवासी चौपाल गली, नई बस्ती, थाना सिकंदरा, जनपद आगरा सहित एक अन्य आरोपी का नाम प्रकाश में आया। पुलिस अधीक्षक द्वारा 30 सितंबर को घटना में शामिल आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसी क्रम में शुक्रवार 2 अक्टूबर को पुलिस टीमों ने 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी गौरव सिकरवार को सरौठ बंबा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। थाना सादाबाद पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में अनावृत अभियोग मु0अ0सं0 393/26, धारा 103(1) बीएनएस, थाना सादाबाद, जनपद हाथरस से संबंधित है।





