Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 अक्टूबर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल के निर्देशों के अनुपालन में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय दिवस का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने की। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की भूमिका, निर्धारित प्रपत्रों में सूचनाओं के संकलन, परिवार एवं आवास संबंधी विवरणों के सत्यापन तथा जनगणना कार्य के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक एवं विकासात्मक नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाती है। इसलिए जनगणना कार्य के प्रत्येक स्तर पर शुद्धता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनर्स को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से समझें और आगे संबंधित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को भी इसे सरल एवं स्पष्ट तरीके से समझाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या शंका उत्पन्न होने पर संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, मंडलीय जनगणना प्रभारी, संबंधित जनगणना अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स एवं फील्ड ट्रेनर्स सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page