Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 अक्टूबर। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, अलीगढ़ के पत्र के क्रम में बागला डिग्री कॉलेज में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालय परिवार में सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर में ध्वजारोहण तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) महावीर सिंह छोंकर ने किया। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय परिवार को स्वच्छता, सेवा और सामाजिक दायित्व के प्रति जागरूक करते हुए कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

‘सेवा संकल्प अभियान–सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम प्राध्यापक श्री ऋषिकांत के नेतृत्व में संपन्न हुआ। उनके मार्गदर्शन में महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। सभी ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया और साफ-सफाई कर परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया। इस अवसर पर सेवा और सामाजिक सहभागिता के महत्व पर जोर देते हुए संदेश दिया गया कि समाज एवं राष्ट्र के विकास में प्रत्येक व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण है। सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से अपने आसपास सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. पप्पू चौधरी, डॉ. विनय वर्मा, सोनू यादव सहित अन्य शिक्षक, कर्मचारी एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने स्वच्छता, सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page