हाथरस 01 अक्टूबर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में चकबंदी विभाग के कार्यों एवं प्रगति की समीक्षा बैठक की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को लंबित वादों का नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने चकबंदी प्रक्रिया के दौरान सरकारी भूमि का विधिवत चिन्हांकन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चकबंदी अधिकारी एवं सहायक चकबंदी अधिकारियों को न्यायालयों में आदेश के लिए सुरक्षित रखी गई फाइलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने तथा ऐसे सभी वादों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी चकबंदी अधिकारियों एवं सहायक चकबंदी अधिकारियों से अपने-अपने न्यायालयों की फाइलों का नियमित निरीक्षण करने और चकबंदी कार्यों को नियमानुसार, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपादित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पीठासीन अधिकारियों को न्यायालयों का विशेष निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने 3 से 5 वर्ष तथा 5 वर्ष से अधिक समय से लंबित वादों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने पर जोर दिया।
आपसी सहमति से चकबंदी प्रक्रिया पूरी कराने पर जोर
डीएम ने चकबंदी वाले सभी ग्रामों में आपत्तिकर्ताओं से संवाद स्थापित कर आपसी सहमति बनाने के निर्देश दिए, ताकि चकबंदी प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जा सके। जिन गांवों में चकबंदी को लेकर विरोध की स्थिति है, वहां अवैध कब्जों को चिन्हित कर नियमानुसार कब्जा हटवाने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, उप जिलाधिकारी सासनी, जिला सूचना अधिकारी, एसओसी, समस्त चकबंदी अधिकारी, सहायक चकबंदी अधिकारी, कानूनगो एवं लेखपाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









