Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 29 सितम्बर। मुरसान थाना क्षेत्र के गांव पटाखास निवासी एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल के छह लोगों पर अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये नकद और बुलेट बाइक की मांग करने तथा मांग पूरी न होने पर मारपीट और जान से मारने के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर महिला थाना पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव पटाखास निवासी महक पुत्री हरीशंकर ने महिला थाना में दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 1 अप्रैल 2023 को सादाबाद क्षेत्र के गांव खोडा निवासी चंद्रेश पुत्र हरिप्रकाश के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह में मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोने की लर, अंगूठियां, बेड, अलमारी, फ्रिज, एलसीडी समेत करीब आठ लाख रुपये का सामान दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति चंद्रेश, ससुर हरिप्रकाश, ददिया सास शांतिदेवी, ताई सास कुशमलता, दिव्यांश पुत्र नवीन और सचिन पुत्र हरिओम अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये और एक बुलेट बाइक की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ कथित तौर पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा। पीड़िता के अनुसार, मायके पक्ष के लोगों ने कई बार ससुरालीजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। पीड़िता के दो बच्चे हैं, जिनमें शिवांग (ढाई वर्ष) और सार्थक (छह माह) शामिल हैं।

स्कूल के पास ले जाकर मारपीट का आरोप

महक ने आरोप लगाया कि 9 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12 बजे सभी आरोपितों ने एक राय होकर उसका स्त्रीधन छीन लिया और उसे बुलेरो गाड़ी में बैठाकर उसके गांव के पास स्थित सरकारी स्कूल के निकट ले गए। आरोप है कि वहां उसे गाड़ी से खींचकर लात-घूंसों से पीटा गया और जान से मारने की नीयत से धोती के पल्लू से गले में फंदा बनाकर गला घोंटने का प्रयास किया गया। पीड़िता के शोर मचाने पर मौके से गुजर रहे लाखन, धर्मवती सहित अन्य लोगों ने उसे बचाया। आरोप है कि जाते समय ससुरालीजनों ने धमकी दी कि यदि वह बिना दहेज के ससुराल आई तो उसे जान से मार दिया जाएगा। पीड़िता ने 11 अगस्त 2026 को महिला थाना में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page