Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 सितम्बर। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथरस कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद अधिकारियों को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों से जुड़ी कई मांगें उठाई गईं।

बारिश से खराब फसलों के मुआवजे की मांग

सपा नेताओं ने कहा कि हाल में हुई बारिश से धान, बाजरा और मिर्च की फसलों को नुकसान हुआ है। पार्टी ने इन फसलों का तत्काल सर्वे कराकर नुकसान का आकलन कराने और सर्वे के आधार पर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। इसके साथ ही आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान का स्थायी समाधान कराने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई।

खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने की मांग

सपा ने किसानों को खाद की उपलब्धता को लेकर भी मुद्दा उठाया। ज्ञापन में उर्वरकों की कालाबाजारी और जमाखोरी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। पार्टी ने पोटाश पर मिलने वाला अनुदान बहाल करने के साथ ही खाद के दाम कम करने और किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद व बीज उपलब्ध कराने की मांग की।

फार्मर रजिस्ट्री की समस्याएं दूर करने की मांग

पदाधिकारियों ने फार्मर रजिस्ट्री में आ रही तकनीकी दिक्कतों का मुद्दा भी उठाया। सपा ने मांग की कि किसानों की समस्याओं का समाधान ग्राम पंचायत स्तर पर ही कराया जाए, जिससे उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। ज्ञापन में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के कर्ज को ब्याज मुक्त करने और किसानों की कर्जमाफी की मांग भी शामिल की गई।

पट्टेदार किसानों और कृषि मजदूरों के लिए योजनाओं की मांग

सपा ने पट्टे पर जमीन लेकर खेती करने वाले किसानों और कृषि मजदूरों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ देने की मांग की। इसके अलावा पशुओं में खुरपका-मुंहपका और लंपी जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए समय से टीकाकरण अभियान चलाने की मांग रखी गई।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान सपा के प्रदेश सचिव बृजमोहन राही, महेंद्र सिंह सोलंकी, प्रवीण बघेल, बबलू यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नारेबाजी की और अधिकारियों को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page