
हाथरस (मुरसान) 29 सितम्बर। क्षेत्र के पटाखास गांव में ग्रामीणों ने एक युवक को ट्यूबवेल से पानी की पाइप और केबिल चोरी करते हुए पकड़ा और उसे पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। पकड़े गए युवक के पास से एक ब्लेड और चोरी का सामान मिला है। गांव पटाखास के शंकरलाल शर्मा ने पुलिस को शिकायत में बताया कि 28 सितंबर की शाम करीब छह बजे इंद्रजीत निवासी भगतुआ मुरसान उनके ट्यूबवेल से पाइप और केबिल काट रहा था। संजय शर्मा, अनिल उपाध्याय और रिंकू शर्मा ने उसे रंगे हाथ पकड़ा। आरोप है कि इंद्रजीत के साथ एक और युवक था, जो मौके से भाग गया। दोनों हीरो स्प्लेंडर बाइक से चोरी का सामान ले जा रहे थे। ग्रामीणों ने आरोपी को सामान और बाइक समेत पुलिस को सौंपा है। शंकरलाल ने बताया कि पहले भी महेश प्रधान, अनिल उपाध्याय, रिंकू शर्मा, भगवती प्रसाद और करुआ के ट्यूबवेलों से पाइप व केबिल चोरी हो चुके हैं। पुलिस फरार साथी की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।








