Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 सितम्बर। गांधी जयंती के अवसर पर 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक जनपद हाथरस के माध्यमिक विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोर एवं किशोरियों को पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों, कानूनी अधिकारों तथा कानून के उल्लंघन की स्थिति में उपलब्ध सहायता के संबंध में जागरूक करना है। अभियान के तहत न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं विधि छात्रों द्वारा विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में 29 सितंबर को सरस्वती इंटर कॉलेज, आगरा रोड में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता न्यायिक मजिस्ट्रेट हाथरस खुश्बू चन्द्रा ने की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर-किशोरियों को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना और किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में उचित कदम उठाने के लिए जागरूक करना है। न्यायिक मजिस्ट्रेट खुश्बू चन्द्रा ने छात्र-छात्राओं से कहा कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें किसी भी प्रकार से परेशान करता है तो इसकी जानकारी सबसे पहले अपने माता-पिता या भरोसेमंद अभिभावक को दें। यदि किसी कारणवश अभिभावकों की ओर से ध्यान नहीं दिया जाता है तो पुलिस विभाग में लिखित शिकायत दी जा सकती है। इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय समय रहते विश्वसनीय व्यक्ति या संबंधित विभाग को जानकारी देना जरूरी है।

कार्यक्रम में डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल अनामिका अग्निहोत्री ने पॉक्सो अधिनियम के संबंध में छात्र-छात्राओं को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों, उनके अधिकारों तथा कानून के तहत उपलब्ध सहायता के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून की जानकारी रखने और किसी भी संदिग्ध या अनुचित स्थिति में सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। विधि छात्रा स्नेहा शर्मा एवं तनिष्का ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बचपन जीवन का महत्वपूर्ण और सुखद दौर होता है और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पॉक्सो कानून के संबंध में जानकारी साझा करते हुए छात्र-छात्राओं को बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि कार्यक्रम में प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारियों को अपने परिवार और सगे-संबंधियों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग बच्चों की सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित न्यायिक अधिकारी, विधिक सेवा से जुड़े अधिकारियों एवं अन्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के अंग्रेजी प्रवक्ता आदर्श कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रवक्ता रामवीर सिंह, नोडल अधिकारी अम्बिका कनक सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page