
हाथरस 29 सितम्बर। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने बताया कि मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार के विगत 12 वर्षों और राज्य सरकार के 9.5 वर्षों के विकास कार्यों से जनजीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को जन-जन तक पहुंचाना तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’, चित्रकला तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ की संकल्पना को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में 17 सितंबर से 27 सितंबर तक जनपद के विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें छात्र-छात्राओं को रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अभियान के उद्देश्यों से जोड़ा गया। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि आगामी 30 सितंबर 2026 को विकासखंड स्तर पर प्रदर्शनी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में अभिभावकों के साथ-साथ ग्रामवासियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके बाद 2 अक्टूबर 2026 को जनपद स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को आयोजित होने वाले ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रमों के लिए पूर्व में निर्धारित कुछ स्थलों में परिवर्तन किया गया है। विकासखंड हसायन, सहपऊ एवं सिकंदराराऊ में खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा नवीन कार्यक्रम स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। जनपद के सभी सात विकासखंडों में एक साथ ब्लॉक स्तरीय प्रदर्शनी एवं विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विकासखंड हाथरस में माया इंस्टीट्यूट, हाथरस, मुरसान में लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल, हतीसा, सासनी में बीआरसी सासनी, सहपऊ में के.सी. इंस्टीट्यूट, सहपऊ, सादाबाद में महाराज अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, सिकंदराराऊ में राजकीय डिग्री कॉलेज तथा हसायन में ओएमबी इंटरनेशनल स्कूल को कार्यक्रम स्थल बनाया गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नवीन निर्धारित स्थलों पर सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। साथ ही कार्यक्रमों में अधिक से अधिक अभिभावकों एवं ग्रामवासियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी स्तर पर समन्वय किया जाए, ताकि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के उद्देश्यों और ‘विकसित भारत-2047’ की संकल्पना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।









