
हाथरस 29 सितम्बर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने विकास खंड मुरसान के संविलियन विद्यालय पटाखास का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों को छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ ही उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से संवाद किया और उनकी कॉपियों में किए जा रहे कार्य को देखा। बच्चों का कार्य सही पाए जाने पर उन्होंने छात्र-छात्राओं की सराहना की और उन्हें नियमित रूप से समय से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने बच्चों से कहा कि वे मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करें तथा अपने माता-पिता और जनपद का नाम रोशन करें। कुछ छात्र-छात्राओं के निर्धारित ड्रेस में विद्यालय नहीं आने पर उन्होंने इंचार्ज प्रधानाध्यापक को सभी बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के साथ ही निर्धारित विद्यालय ड्रेस में विद्यालय आने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बचपन में विकसित होने वाली अच्छी आदतें ही आगे चलकर व्यक्ति के व्यवहार और व्यक्तित्व का आधार बनती हैं। बच्चों के जीवन पर माता-पिता के साथ-साथ शिक्षकों का भी गहरा प्रभाव होता है। इसलिए शिक्षक शिक्षण कार्य के साथ बच्चों को अनुशासन, संस्कार और सकारात्मक सोच के लिए भी प्रेरित करें।
इंचार्ज प्रधानाध्यापक सर्वेश कुमारी ने जिलाधिकारी को बताया कि विद्यालय में कुल 10 स्टाफ तैनात हैं, जिसमें एक प्रधानाचार्य, छह सहायक अध्यापक एवं अध्यापिकाएं तथा तीन शिक्षामित्र शामिल हैं। विद्यालय में कुल 116 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें 61 छात्राएं और 55 छात्र हैं। कक्षा एक में 12, कक्षा दो में 13, कक्षा तीन में 12, कक्षा चार में 11, कक्षा पांच में 11, कक्षा छह में 18, कक्षा सात में 24 तथा कक्षा आठ में 15 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में 67 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। पंजीकृत बच्चों की संख्या के सापेक्ष उपस्थिति कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। प्रधानाचार्य ने बताया कि भोजन तैयार करने के लिए तीन रसोइये तैनात हैं और निरीक्षण के दौरान एमडीएम मैन्यू के अनुसार दाल-चावल तैयार किया जा रहा था। जिलाधिकारी ने रसोईघर का निरीक्षण कर साफ-सफाई की व्यवस्था देखी और भोजन तैयार करने वाले स्थान पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर, सभी कक्षों तथा शौचालयों की नियमित साफ-सफाई कराने के भी निर्देश दिए, ताकि बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्री से पंजीकृत बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा सैम/मैम बच्चों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित कराने के साथ ही पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का प्रभावी ढंग से संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान इंचार्ज प्रधानाध्यापक सर्वेश कुमारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।









