हाथरस 26 सितम्बर। 115वें एवं तीसरे राजकीय मेला श्री दाऊजी महाराज के ब्राह्मण शिविर में ब्राह्मण पत्रकार सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पत्रकारिता की भूमिका, बदलते स्वरूप और समाज के प्रति पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि पत्र पर शब्द समूह के माध्यम से लोगों तक नई सूचना, नई जानकारी और क्रमबद्ध ज्ञान पहुंचाना ही पत्रकारिता के दायरे में आता है। पत्रकार देश, समाज और जनहित के लिए जागरूकता एवं जनसहयोग का कार्य करते हैं तथा मीडिया जनता और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करता है। कार्यक्रम का शुभारंभ विप्र कुल भूषण भगवान परशुराम के छवि चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। वक्ताओं ने पत्रकारिता के प्रथम पुरोधा के रूप में देवर्षि नारद का उल्लेख करते हुए कहा कि वे लोक-कल्याण के लिए भ्रमण करते थे और लोगों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को उचित स्थान तक पहुंचाने का कार्य करते थे। उन्होंने कहा कि समय-समय पर जब समाज के सामने विभिन्न समस्याएं आईं, तब पत्रकारिता ने उनके समाधान और जनजागरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का संयोजक एवं हाथरस एक्सप्रेस के संपादक राजू शर्मा ने माला, दुपट्टा एवं पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। राजू शर्मा द्वारा यह ब्राह्मण पत्रकार सम्मेलन तीसरी बार आयोजित किया गया। वरिष्ठ पत्रकार अशोक रावत, कृष्ण बिहारी शर्मा ‘कुरुकुल’, शंभूनाथ पुरोहित एवं एडवोकेट संजय दीक्षित ने पत्रकारिता की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए पत्रकारों से समय के साथ स्वयं को अपडेट करते रहने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता पहले प्रिंट माध्यम से शुरू हुई, इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का दौर आया और वर्तमान समय डिजिटल पत्रकारिता का है, ऐसे में पत्रकारों को बदलती तकनीक और माध्यमों के अनुरूप स्वयं को ढालना जरूरी है। मुख्य अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पं. आशीष शर्मा ने भी पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन ‘जनादेश ब्रज’ के फील्ड संपादक एवं अधिवक्ता देवेश दीक्षित ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार पीएन शर्मा, नवीन शर्मा, पंकज शर्मा, शोभित शर्मा, अमित शर्मा, सोमेश मिश्रा, दीनदयाल भारद्वाज, मयंक वशिष्ठ, सिकंदराराऊ से पुष्पकांत शर्मा, धर्मेंद्र कुमार, बबलू शर्मा, संजय शर्मा, अनिल शर्मा, नीरज चक्रपाणि, विशाल सारस्वत, डॉ. सचिन देव उपाध्याय, दिलीप कुमार उपाध्याय, विकास भारद्वाज, विजय उपाध्याय, पवन पंडित, राजेश तिवारी सहित अन्य पत्रकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।









