
हाथरस 25 सितम्बर। चंदपा क्षेत्र में पुरानी कहासुनी को लेकर दो लोगों द्वारा एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के भाई मनोज कुमार निवासी चंदपा ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के अनुसार 24 सितंबर की सुबह उनका भाई विनीत भारद्वाज घर की ओर जा रहा था। आरोप है कि जैसे ही वह श्याम कौशिक के घर के सामने गली में पहुंचा, श्याम ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर श्याम घर से डंडा लेकर आया और उसके साथ यतन कौशिक भी डंडा लेकर पहुंच गया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर विनीत के साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल विनीत को पुलिस की मदद से बागला जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।









