
हाथरस 23 सितम्बर। कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव मगटई निवासी 65 वर्षीय तारा पत्नी स्वर्गीय बालकिशन की सड़क हादसे में मौत हो गई। तारा मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थीं। उनके पति का पूर्व में निधन हो चुका था। बुधवार को तारा अपनी बेटी प्रीति के साथ जंगल से लकड़ी बीनकर गांव लौट रही थीं। मथुरा-बरेली हाईवे पर साथनी के निकट सड़क पार करते समय वह एक कार की चपेट में आ गईं। हादसे में तारा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि मृतका अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गई हैं।







