
हाथरस 23 सितम्बर। तीन नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो वांछित आरोपितों को हाथरस जंक्शन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों की गिरफ्तारी से थाना सादाबाद में दर्ज एक अन्य अपहरण के मुकदमे का भी खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, छह जनवरी 2024 को हाथरस जंक्शन क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग बेटी समेत तीन बालिकाओं को चुलबुल आदि तीन युवक बहला-फुसलाकर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर थाना हाथरस जंक्शन में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो बालिकाओं को आठ जनवरी 2024 और तीसरी बालिका को 23 जनवरी 2024 को सकुशल बरामद कर लिया था। मामले में वांछित आरोपित गुल्लू निवासी सादाबाद को पुलिस ने 30 अप्रैल 2024 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि अंशू उर्फ चुलबुल और रिहान घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 23 सितंबर 2026 को थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने दोनों फरार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अंशू उर्फ चुलबुल और रिहान के रूप में हुई है। दोनों नाडा बाईपास, नवमान कॉलोनी, थाना रोरावर, जनपद अलीगढ़ के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, अंशू के पिता फरजान ने अपने बेटे अंशू और रिहान के अपहरण के संबंध में थाना सादाबाद में मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान सामने आया कि जिन दोनों युवकों के अपहरण की रिपोर्ट सादाबाद थाने में दर्ज कराई गई थी, वही दोनों हाथरस जंक्शन क्षेत्र में तीन नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित थे। दोनों की बरामदगी से थाना सादाबाद में दर्ज अपहरण के मुकदमे का भी खुलासा हो गया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना हाथरस जंक्शन के थानाध्यक्ष ललित कुमार शर्मा सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।







