Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 सितम्बर। गाजियाबाद में रह रही हाथरस की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने और उसे दोनों बच्चों समेत घर में बंधक बनाकर भूखा-प्यासा रखने का आरोप लगाया है। पीड़िता मायके पहुंची और महिला थाना हाथरस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। गली नंबर 13, अंबेडकर नगर, थाना विजयनगर, गाजियाबाद निवासी दुर्गेश पुत्री अशोक कुमार ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2013 में आकाश के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पीड़िता के अनुसार, शादी में उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार बाइक, फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, बेड और 51 हजार रुपये नकद दिए थे। इसके बावजूद पति आकाश, सास अनीता, ससुर और जेठ विकास दहेज से संतुष्ट नहीं थे और आए दिन उसे कम दहेज लाने के ताने देते थे।

दुर्गेश के अनुसार, शादी के बाद उसके दो पुत्र हुए, जिनकी उम्र नौ और छह वर्ष है। बच्चों के जन्म के बाद भी ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना कम नहीं हुई। पीड़िता ने बताया कि वह मायके वालों और स्वजनों के समझाने पर किसी तरह सब कुछ सहती रही। आरोप है कि 22 अगस्त 2026 को पति आकाश, सास अनीता और जेठ विकास ने दुर्गेश और उसके दोनों बच्चों के साथ मारपीट की और उन्हें घर के अंदर बंद कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि उसे और बच्चों को खाने-पीने तक नहीं दिया गया। साथ ही जान से मारने और बेटे की दूसरी शादी करने की धमकी दी गई। पीड़िता के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 को पड़ोसी ने फोन कर उसके पिता अशोक कुमार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पिता, मां और चार भाई गाजियाबाद पहुंचे। आरोप है कि वहां आकाश, अनीता, विकास और पड़ोसी दीपक ने उनके साथ भी मारपीट और गाली-गलौज की तथा अतिरिक्त दहेज मिलने पर ही दुर्गेश को छोड़ने की बात कही। किसी तरह मायके वालों ने दुर्गेश और उसके दोनों बच्चों को वहां से छुड़ाया और हाथरस लेकर आए। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page