
हाथरस 22 सितम्बर। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के नगला एक गांव से 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां ने पुलिस को तहरीर देकर नामजद युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता की मां ने बताया कि 19 सितंबर को उसकी 16 वर्षीय बेटी घर से लापता हो गई। आरोप है कि अलीगढ़ जिले के बरला थाना क्षेत्र के गाजीपुर निवासी सचिन उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। काफी तलाश करने के बाद भी किशोरी का कोई पता नहीं चल सका। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने थाना हाथरस गेट पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस किशोरी की तलाश के साथ ही मामले की जांच में जुटी है।





