
हाथरस 22 सितम्बर। कोतवाली सहजपुरा क्षेत्र के एक गांव में कुत्ते के काटने के कुछ दिन बाद एक युवक की अचानक हालत बिगड़ गई। मंगलवार तड़के युवक अजीबोगरीब हरकतें करने लगा और पानी देखकर गुर्राने के साथ उसके मुंह से झाग निकलने लगा। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू कर दिया। गांव सहजपुरा निवासी 30 वर्षीय महेश कुमार मजदूरी करता है और अविवाहित है। परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले महेश को एक कुत्ते ने काट लिया था, लेकिन उसने इसकी जानकारी परिवार के लोगों को नहीं दी। परिजनों का कहना है कि उन्हें यह भी जानकारी नहीं है कि महेश को किस दिन कुत्ते ने काटा था। मंगलवार तड़के महेश की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों के मुताबिक, वह अजीबोगरीब हरकतें करने लगा और पानी देखकर गुर्राने लगा। इसके साथ ही उसके मुंह से झाग निकलने लगा। उसकी स्थिति देखकर परिवार के लोग घबरा गए और उसे किसी तरह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जिला अस्पताल में चिकित्सक युवक की स्थिति का परीक्षण कर उपचार में जुट गए। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।






