Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 सितम्बर। जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देशन में बागला इंटर कॉलेज के मैदान पर जनपद स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का ट्रायल आयोजित किया गया। बागला इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश शुक्ला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर ट्रायल का शुभारंभ किया। ट्रायल में हाथरस जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए 14 वर्षीय बालक, 17 वर्षीय बालक एवं बालिका तथा 19 वर्षीय बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

विभिन्न आयु वर्गों की जनपद स्तरीय टीमों के चयन की जिम्मेदारी चयनकर्ताओं को सौंपी गई। चयनकर्ता के रूप में बागला इंटर कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. मनोज शर्मा, राजकीय हाईस्कूल के प्रवक्ता मानवेंद्र सिंह, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेज के प्रवक्ता जितेंद्र सिंह, एनएसबीडी इंटर कॉलेज के प्रवक्ता गौरव पाठक एवं राघवेंद्र प्रताप सिंह तथा कुरसंडा इंटर कॉलेज के प्रवक्ता संतोष कुमार ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर टीमों का चयन किया।

चयनित टीमें मंडल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में हाथरस जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगी। 14 वर्षीय बालक वर्ग की टीम अक्टूबर में अलीगढ़ में, 17 वर्षीय बालक वर्ग की टीम 7 अक्टूबर को अलीगढ़ में तथा 19 वर्षीय बालक वर्ग की टीम 8 अक्टूबर को हाथरस में प्रतिभाग करेगी। वहीं 17 एवं 19 वर्षीय बालिका वर्ग की टीमें 28 सितंबर को अलीगढ़ में मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।

ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं के सामने बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास किया। प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को मंडल स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page