Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 सितम्बर। डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने ईमानदारी और मानवता की मिसाल पेश करते हुए सड़क पर मिले लावारिस बैग को उसके मालिक तक पहुंचा दिया। बैग में कपड़ों के साथ 11,400 रुपये की नकदी भी रखी थी। बैग वापस मिलने के बाद वृद्ध महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने पुलिसकर्मियों का आभार जताया। मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के ओडपुरा तिराहे के पास सड़क पर एक लावारिस बैग पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही PRV 7287 पर तैनात पुलिसकर्मी ब्रजेश कुमार और होमगार्ड विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों ने बैग को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर स्थानीय लोगों से उसके मालिक के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू की।

जानकारी के आधार पर पुलिसकर्मी बैग की मालकिन रेखा देवी पुत्री तोड़ी राम, निवासी RPM स्कूल क्षेत्र, के घर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने रेखा देवी को उनका खोया हुआ बैग सुरक्षित सुपुर्द कर दिया। बैग में रखे कपड़ों के साथ 11,400 रुपये की नकदी भी पूरी तरह सुरक्षित मिली। बैग वापस मिलने पर रेखा देवी काफी खुश हुईं। उन्होंने पुलिसकर्मियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके बैग में 11,400 रुपये नकद और कपड़े थे, जिन्हें डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित वापस लौटा दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की ईमानदारी की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। PRV 7287 पर तैनात ब्रजेश कुमार और होमगार्ड विनोद कुमार के इस कार्य की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की। पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी के दौरान तत्परता दिखाते हुए न केवल खोया सामान उसके मालिक तक पहुंचाया, बल्कि ईमानदारी और मानवता की मिसाल भी पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page