हाथरस 22 सितम्बर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों की विभिन्न लंबित मांगों के समर्थन में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस के समक्ष कर्मचारियों ने काला बैज धारण कर प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय कार्यालय, शाखा अलीगढ़ रोड-हाथरस एवं सेवा शाखा-हाथरस के कार्मिकों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, Performance Linked Incentive (PLI) में भेदभाव समाप्त कर समान एवं न्यायसंगत व्यवस्था लागू करने तथा बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों से संबंधित अन्य लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई। UFBU द्वारा 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। बैंक कर्मचारियों का कहना है कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था का मुद्दा लंबे समय से लंबित है। UFBU के अनुसार 12वें द्विपक्षीय समझौते एवं 9वें संयुक्त नोट के तहत सोमवार से शुक्रवार तक कार्य दिवसों में आवश्यक अतिरिक्त कार्य समय समायोजित करते हुए पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव सरकार के अनुमोदन के लिए भेजा गया था, लेकिन अभी तक इस पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान बैंक कार्मिकों ने PLI व्यवस्था में समानता एवं पारदर्शिता की भी मांग की। UFBU की ओर से संशोधित व्यवस्था में कर्मचारियों एवं विभिन्न श्रेणियों के अधिकारियों के बीच प्रोत्साहन के आधार में अंतर को लेकर आपत्ति जताई गई है। संगठन बैंक के समग्र प्रदर्शन से जुड़े समान आधार वाली व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहा है। बैंक कर्मचारियों ने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है और कर्मचारी लगातार ग्राहकों एवं बैंकिंग व्यवस्था को अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। ऐसे में कर्मचारियों एवं अधिकारियों से संबंधित लंबित विषयों का न्यायसंगत एवं शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर मौजूद सभी कार्मिकों ने आगामी 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026 की तीन दिवसीय हड़ताल को पूर्ण एकजुटता के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया। UFBU की घोषित आंदोलन की समय-सारिणी में मांगों का समाधान नहीं होने की स्थिति में 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान भी शामिल है। प्रदर्शन के दौरान कार्मिकों ने “पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करो”, “PLI में समानता सुनिश्चित करो” और “बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान करो” जैसे नारे लगाते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। बैंक कार्मिकों ने संयुक्त रूप से कहा कि संगठन के आह्वान पर वे आगामी आंदोलन में पूरी निष्ठा, एकजुटता एवं अनुशासन के साथ सहभागी होंगे।










