
हाथरस (मुरसान) 20 सितम्बर। गांव गदाई निवासी रामवीर सिंह ने पड़ोस के युवकों पर अपने भाई के साथ जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने कोतवाली मुरसान में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। रामवीर सिंह के अनुसार 18 सितंबर की रात करीब 11 बजे लुहेटा चौराहे के निकट योगेश और नेता निवासी लुहेटा अपने चार अज्ञात साथियों के साथ शराब पीकर गाली-गलौज कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने उसके भाई रवेंद्र को रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से रवेंद्र के सिर पर वार किया, जिससे उसके सिर की हड्डी टूट गई। हमलावर उसे मृत समझकर मौके से भाग गए। बीच-बचाव करने पहुंचे नवीन के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई और उसे धमकी दी गई। रामवीर के अनुसार बाद में नवीन ने रवेंद्र को बेहोशी की हालत में घर पहुंचाया। घटना के संबंध में कोतवाली मुरसान में तहरीर दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।






