
हाथरस 20 सितम्बर। जिले में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला सामने आया है। देवरिया निवासी एक महिला के खाते से कथित रूप से 75 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। देवरिया जिले के गांव खोडा, थाना बरहज निवासी गीता देवी पत्नी ब्रजेश कुमार यादव ने बताया कि वह अपने बेटे के एडमिशन के लिए मुरलीधर गजानन पॉलिटेक्निक कॉलेज, हाथरस आई थीं। 10 सितंबर को प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए वह आगरा रोड पर नगला ओझा बंबा के पास स्थित यूनियन बैंक के एटीएम पर गई थीं। पीड़िता के अनुसार उन्हें चश्मा न होने के कारण एटीएम मशीन चलाने में परेशानी हो रही थी। इसी दौरान उन्होंने वहां खड़े एक व्यक्ति से मदद मांगी। आरोप है कि मदद करने के बहाने उक्त व्यक्ति ने उनका केनरा बैंक का एटीएम कार्ड बदल दिया और उन्हें इसकी जानकारी नहीं हुई। महिला का आरोप है कि बाद में उसके खाते से दो अलग-अलग एटीएम के माध्यम से कुल 75 हजार रुपये निकाल लिए गए, जिससे खाते में जमा रकम खत्म हो गई। घटना की जानकारी होने के बाद पीड़िता ने पहले कोतवाली सदर में प्रार्थना पत्र दिया और बाद में एसपी से भी शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






