
हाथरस 20 सितम्बर। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र में दरियापुर पुल के पास एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मेडिकल कराने के बाद कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव बनवारीपुर, थाना हसायन निवासी लोकेंद्र कुमार ने बताया कि 18 सितंबर को दोपहर वह विजय के साथ सासनी से अपने घर जा रहा था। आरोप है कि जैसे ही वह दरियापुर पुल के पास पहुंचा, तभी मनोज कुमार और दुर्गेश निवासीगण गांव बिझारी, थाना सासनी, अपने दो अज्ञात साथियों के साथ वहां मिल गए। पीड़ित का आरोप है कि उक्त लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर चारों ने उसकी गाड़ी रोक ली और उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। शोर मचाने पर आरोपित कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। लोकेंद्र कुमार ने मेडिकल परीक्षण कराने के बाद 20 सितंबर को कोतवाली हाथरस जंक्शन में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद और अज्ञात आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






