Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 सितम्बर। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव ठूलई में खेत से जबरन ट्रैक्टर निकालने को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला ने अपने पति के गायब होने और उसकी हत्या की आशंका जताई है। पूजा कुमारी पत्नी वीरेंद्र कुमार ने पहले पुलिस से कार्रवाई की मांग की और सुनवाई न होने पर एसीजे (एसडी) न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अब अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रार्थना पत्र के अनुसार 27 जुलाई 2026 को दोपहर करीब तीन बजे पूजा अपने पति वीरेंद्र के साथ खेत पर मौजूद थी। आरोप है कि पड़ोसी तेजवीर, संत कुमार, भोलाशंकर, सोनू और हरिओम उनके खेत से जबरन ट्रैक्टर निकाल रहे थे। विरोध करने पर आरोपितों ने वीरेंद्र के साथ मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों का शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया था। 28 जुलाई को एसडीएम सासनी ने वीरेंद्र को जमानत दे दी। पूजा का आरोप है कि 29 जुलाई की शाम करीब चार बजे उक्त सभी लोग खेत पर अकेले मिले वीरेंद्र के साथ गंभीर मारपीट करने के बाद उसे गायब कर दिया। एक अगस्त तक जब वीरेंद्र का कोई पता नहीं चला तो उसने आरोपितों से जानकारी करने का प्रयास किया। आरोप है कि इस पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और धमकी दी गई कि जिस तरह उसके पति को गायब किया गया है, उसी तरह उसकी लाश का भी पता नहीं चलेगा। पीड़िता के अनुसार उसने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद एसएसपी को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की गई। वहां से भी अपेक्षित कार्रवाई न होने पर उसने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page