Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 सितम्बर। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव सोखना निवासी विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और बच्चों समेत घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला थाना हाथरस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर के अनुसार विवाहिता का निकाह करीब पांच वर्ष पहले अनस नामक युवक से हुआ था। पीड़िता का कहना है कि उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य से अधिक करीब आठ लाख रुपये खर्च कर घरेलू सामान और बाइक दी थी। आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति, सास, ससुर, चचिया सास-ससुर और देवर दहेज से संतुष्ट नहीं थे और अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये तथा कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर कथित रूप से आए दिन ताने और मारपीट की जाती थी।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति कोई काम-धंधा नहीं करता और उसके पिता ने पति को काम शुरू करने के लिए तीन बार आर्थिक मदद भी की, लेकिन उसने रुपये अन्य खर्चों में कर दिए। विवाहिता का यह भी आरोप है कि दहेज में मिली बाइक और उसका स्त्रीधन भी बेच दिया गया। घर में खाने-पीने की व्यवस्था ठीक नहीं होने पर जब वह घरेलू सामान लाने के लिए कहती थी तो उसके साथ बच्चों समेत मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया जाता था, जिसके चलते उसे मायके में रहना पड़ता था। विवाहिता के अनुसार वह पहले भी महिला थाने में शिकायत कर चुकी है और समझौते के बाद दो बार ससुराल वापस गई, लेकिन कथित रूप से हालात में सुधार नहीं हुआ। तहरीर में मुख्य घटना 26 जुलाई 2026 की शाम की बताई गई है। आरोप है कि घरेलू सामान लाने की बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने एकराय होकर विवाहिता और सूचना मिलने पर पहुंचे उसके पिता के साथ मारपीट और अभद्रता की तथा उसे बच्चों समेत पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने दोबारा कार और रुपये के बिना घर आने पर जान से मारने तथा उसके भाई को गोली मारने की धमकी भी दी। महिला थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page