Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 19 सितम्बर। आज को सादाबाद-जलेसर मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में दो मासूम बच्चियों समेत छह लोग घायल हो गए। हादसों के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए एक घायल को आगरा तथा दो घायलों को हाथरस रेफर कर दिया। पहली दुर्घटना सादाबाद-जलेसर मार्ग स्थित बालाजी फ्यूल पंप के सामने हुई। सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव वेदई निवासी आनंद अपनी मां गुड्डी देवी एवं बहन पिंकी के साथ जलेसर में मियां की जात करके वापस अपने गांव लौट रहे थे। बताया गया कि करीब 11 बजे तीनों बालाजी फ्यूल पंप से पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही मुख्य मार्ग पर आए, तभी सादाबाद की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने आनंद और उसकी मां गुड्डी देवी की हालत गंभीर देखते हुए दोनों को बेहतर उपचार के लिए हाथरस रेफर कर दिया, जबकि पिंकी का उपचार सीएचसी पर किया गया।

दूसरी दुर्घटना करीब 11:30 बजे सादाबाद-जलेसर मार्ग पर महरारा चौराहा के आगे स्थित मोड़ के पास हुई। यहां जनपद मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र के गांव नगला दासी निवासी तेज प्रताप अपनी बहन मनीषा तथा दो मासूम बच्चियों के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तेज प्रताप, उसकी पांच वर्षीय पुत्री रूबी तथा उसकी बहन की पांच वर्षीय पुत्री जानवी घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने तेज प्रताप की हालत गंभीर देखते हुए उसे तत्काल आगरा रेफर कर दिया, जबकि घायल बच्चियों का उपचार कराया गया। एक ही मार्ग पर करीब आधे घंटे के अंतराल में हुई दो अलग-अलग दुर्घटनाओं से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों घटनाओं में घायलों को राहगीरों एवं पुलिस की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि दोनों सड़क दुर्घटनाओं की जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी घटना के संबंध में कोतवाली में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस दुर्घटनाओं के कारणों और संबंधित वाहनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।]

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page