
हाथरस 19 सितम्बर। लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज में शुक्रवार रात झूलों के संचालन को लेकर ठेकेदार और प्रशासन आमने-सामने आ गए। रात करीब आठ बजे ठेकेदार ने मेले में लगे झूलों का संचालन बंद कर दिया। भूतिया हवेली, नाव, चरक और टोरा-टोरा समेत अन्य मनोरंजन साधनों को बंद कर ठेकेदार पक्ष ने नारेबाजी की और प्रशासन पर परेशान करने का आरोप लगाया। झूले बंद होने से मेले में पहुंचे लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। काफी देर तक लोग झूले शुरू होने का इंतजार करते रहे, लेकिन देर रात तक संचालन शुरू नहीं हो सका। ठेकेदार महेंद्र साहू का आरोप है कि टेंडर जारी करते समय जो शर्तें तय की गई थीं, उनका प्रशासन की ओर से पालन नहीं किया जा रहा है। उनकी पसंद के लोगों को दुकानें आवंटित की जा रही हैं। उन्होंने महिला बाजार में भी चुनिंदा दुकानदारों को दुकानें दिए जाने का आरोप लगाया। ठेकेदार का कहना है कि डिस्को पार्टी के लिए भी प्रशासन ने सीमित अनुमति दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रशासन की ओर से सहयोग नहीं किया जाएगा तो मेले में आमदनी कैसे होगी।
महेंद्र साहू ने आरोप लगाया कि ठेका मिलने के बाद प्रशासन ने करीब 30 लाख रुपये का काम उनसे निशुल्क कराया। इसमें मंदिर की रंगाई-पुताई, 8.50 लाख रुपये के टेंट और 9.50 लाख रुपये प्रशासन की पसंद के साउंड पर खर्च किए जाने की बात कही। उन्होंने तीन लाख रुपये किराए वाली जमीन पर प्रशासन की ओर से फूड कोर्ट लगवाने का भी आरोप लगाया। ठेकेदार ने दावा किया कि जब उन्होंने अपनी समस्या एडीएम वित्त एवं राजस्व के सामने रखी तो उनके साथ आपत्तिजनक तरीके से बात की गई। मेला श्री दाऊजी महाराज की शुरुआत 15 सितंबर से हुई है। मेला परिसर में रेवती मैया पंडाल, मुख्य पंडाल और पार्किंग क्षेत्र के पास करीब 16 झूले लगाए गए हैं। इस वर्ष मेले का ठेका 1.05 करोड़ रुपये में हुआ है। झूले लगाए जाने के बाद से ही उनके संचालन को लेकर एनओसी का पेंच फंसा हुआ था। कई झूले एनओसी नहीं मिलने के कारण शुरू नहीं हो सके थे। वहीं एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी ने ठेकेदार के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नियमानुसार ठेकेदार ने अब तक 80 प्रतिशत धनराशि जमा नहीं की है। मंच पर छह एसी टावर और कूलर लगाए जाने थे, लेकिन तीन दिन बाद भी व्यवस्था पूरी नहीं की गई। इसके अलावा झूलों के लिए विद्युत सुरक्षा संबंधी एनओसी भी नहीं ली गई है। एडीएम ने आरोप लगाया कि ठेकेदार नियमों की अनदेखी कर झूले बंद करके प्रशासन पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार मेले में अश्लील नृत्य की अनुमति मांग रहा है, जिसे अनुमति नहीं दी जा सकती। एडीएम ने कहा कि नियमों की अनदेखी के मामले में ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी और उसकी फर्म को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।











