हाथरस 18 सितम्बर। परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हाथरस की अध्यक्षता एवं UPTSU टीम लखनऊ के सहयोग से अन्तरा गर्भनिरोधक त्रैमासिक इंजेक्शन Sub-cutaneous (Antara-SC) को लेकर एक दिवसीय जनपद स्तरीय TOT (Training of Trainers) प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित सभागार में किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण में ब्लॉक सासनी, माहो एवं जिला महिला चिकित्सालय (DWH), हाथरस से मेडिकल ऑफिसर, चीफ फार्मासिस्ट, CHO, स्टाफ नर्स, ANM सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान अन्तरा-SC गर्भनिरोधक इंजेक्शन की उपयोग विधि, पात्र लाभार्थियों का चयन, इंजेक्शन लगाने की सही प्रक्रिया, लाभार्थियों को आवश्यक परामर्श, संभावित दुष्प्रभाव एवं उनके प्रबंधन तथा फॉलो-अप से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (RCH), उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी परिवार नियोजन, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (NHM), जिला परिवार नियोजन एवं लॉजिस्टिक प्रबंधक, ARO सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता का विकास करते हुए अन्तरा-SC सेवा की गुणवत्ता और उपलब्धता को मजबूत करना तथा पात्र लाभार्थियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराना है।








