
हाथरस 18 सितम्बर। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ, हाथरस ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री और जिला कार्यक्रम अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर न्यूनतम 18 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि शासन की ओर से कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1500 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, लेकिन कर्मचारी इससे संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने संविदा परिषद के नॉर्म्स के अनुसार न्यूनतम 18 हजार रुपये मानदेय निर्धारित किए जाने की मांग उठाई। इसके साथ ही जून से अगस्त 2025 तक एफआरएस नहीं करने के कारण रुके मानदेय तथा कुछ कार्यकर्ताओं के नौ माह से लंबित मानदेय का एरियर सहित भुगतान कराने की मांग की गई। संघ ने जनवरी और फरवरी 2026 में जिन आंगनबाड़ी केंद्रों पर हॉट कुक्ड योजना का पैसा भेजा गया था, वहां गेहूं और चावल उपलब्ध कराने, अक्टूबर 2024 से लंबित अन्नप्राशन एवं गोद भराई की धनराशि का भुगतान कराने तथा अधूरे आंगनबाड़ी भवनों को पूर्ण कराकर संबंधित केंद्रों को सुपुर्द करने की मांग भी रखी। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर 26 जून 2026 को भी अधिकारियों से मुलाकात कर समस्याओं के समाधान की मांग की गई थी, लेकिन अब तक केवल एक समस्या का ही समाधान हुआ है। पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से शेष सभी समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है।










