
हाथरस 16 सितम्बर। आजाद समाज पार्टी ने आज दोपहर करीब 1 बजे सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हुए कथित हमले के विरोध में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में पार्टी ने दावा किया कि 13 सितंबर को बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के बुढ़वल में चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर पथराव और हिंसक हमला हुआ, जिसमें कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं और वाहनों को नुकसान पहुंचा। पार्टी के अनुसार, चंद्रशेखर आजाद गोंडा और अयोध्या में हुई हत्याओं के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे थे। ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज व अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की गई। इसके अलावा चंद्रशेखर आजाद का थ्रेट असेसमेंट कर आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा बढ़ाने, उनके कार्यक्रमों में पर्याप्त सुरक्षा, एस्कॉर्ट और रूट सिक्योरिटी सुनिश्चित करने तथा कथित धमकी भरे संदेशों की जांच की मांग भी रखी गई। पार्टी ने पंचायत सहायकों की समस्याओं का समाधान, शिक्षक भर्ती में आरक्षण से जुड़े मामले में पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का पालन और प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग भी ज्ञापन में की। साथ ही सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद और मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद सहित अन्य इस्लामिक धार्मिक स्थलों के खिलाफ कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा की मांग रखी गई। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष प्रकाश चंद्र गौतम के अलावा तिलक सिंह निगम, अरविंद कुमार, अजय कुमार, बृजेश कुमार, अखिल, राशिद मलिक, अनूप कुमार, शिवम कुमार, रिंकू, पप्पू, गुलाब सिंह, अशोक कुमार, दीपक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।








