
हाथरस 16 सितम्बर। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव कुम्हरई में पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। गांव निवासी महिपाल सिंह ने थाना चंदपा में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पड़ोसी रवि के घर की पानी की टंकी का पानी उसके घर के सामने रास्ते में गिरता है, जिससे आने-जाने में परेशानी होती है। 11 सितंबर की शाम उसने इस संबंध में पड़ोसी से बात की तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि रवि, ताहिर, साहिल, करमजीत समेत अन्य लोगों ने एकजुट होकर महिपाल, उसकी बेटी सोनम और भाई विजय के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। मारपीट में तीनों घायल हो गए। आरोप है कि जाते समय हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।








