
हाथरस 16 सितम्बर। थाना हसायन क्षेत्र में दबंगों द्वारा एक युवक को रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से पीटने और उसकी मोटरसाइकिल तोड़ने का मामला सामने आया है। नगला कोरिया निवासी हिमांशु ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 सितंबर की सुबह वह दवा लेने भैंकुरी चौराहे पर आया था। आरोप है कि भैंकुरी मंदिर के पास सीतापुर निवासी अनुज, मोहित और मोनू ने उसे रास्ते में रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान उसकी जेब में रखे 700 रुपये गिर गए, जो बाद में नहीं मिले। आरोपितों ने उसकी मोटरसाइकिल को भी लाठी-डंडों से तोड़ दिया। पीड़ित की शिकायत पर हसायन पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।








