
हाथरस 16 सितम्बर। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव पापरी में घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है। गांव निवासी स्वीटी पत्नी मोनू कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 9 सितंबर की शाम वह अपने घर पर थी, तभी गांव के पवन, सौलंकी, कप्तान, कृष्णा और प्रेमपाल लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची सुषमा, कविता, मोनू और धर्मेंद्र के साथ भी मारपीट की गई, जिससे सभी को चोटें आईं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कराया। आरोपित जाते समय जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर चंदपा पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।








