Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 16 सितम्बर। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला इमलिया में घर पर गाली-गलौज और हवाई फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीमों ने कार्रवाई करते हुए अरविंद को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया, जबकि कांबिंग के दौरान तीन अन्य आरोपियों उमेश, दिनेश उर्फ दिन्ना और संजय को भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक 14/15 सितंबर 2026 की रात थाना हाथरस जंक्शन पुलिस को सूचना मिली थी कि नगला इमलिया में अरविंद और उसके कुछ साथियों ने एक व्यक्ति के घर पहुंचकर गाली-गलौज की और हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना के आधार पर थाना हाथरस जंक्शन में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों का गठन किया। आरोपियों की तलाश में एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था। पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को ग्राउंड, तकनीकी इंटेलिजेंस और अन्य सूचनाओं के आधार पर जानकारी मिली कि घटना में शामिल आरोपी कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना पर एसओजी और थाना हाथरस जंक्शन पुलिस की टीमों ने लखन गेस्ट हाउस के पास बोझिया जाने वाले बंबे के अंडरपास के पास घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान अरविंद से मुठभेड़ हुई और आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद की गई कांबिंग के दौरान तीन अन्य आरोपियों उमेश मीना, दिनेश उर्फ दिन्ना और संजय को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरविंद पुत्र कुंवरसेन, उमेश मीना पुत्र भुल्लन सिंह, दिनेश उर्फ दिन्ना पुत्र रामप्रसाद और संजय पुत्र दर्शन सिंह, सभी निवासी गांव बोझिया थाना हाथरस जंक्शन, जनपद हाथरस के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से चार तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, एक अपाचे और एक स्प्लेंडर, बरामद की गई हैं। मामले में थाना हाथरस जंक्शन पर मुकदमा अपराध संख्या 285/2026 के तहत धारा 191(2), 191(3), 190, 351(3), 352 और 125 बीएनएस में अभियोग दर्ज है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक धीरज गौतम मय टीम तथा थाना हाथरस जंक्शन प्रभारी ललित शर्मा मय पुलिस टीम शामिल रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page