मथुरा 16 सितम्बर। केडी विश्वविद्यालय के चिकित्सा-शिक्षा संस्थान केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर तथा केडी डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल द्वारा गोवर्धन के राधा कुंड स्थित ‘प्योर डिवोशन फाउंडेशन’ में स्वास्थ्य एवं दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा 190 वृद्ध माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं प्रदान की गईं। केडी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी ने बताया कि हमारा स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में समूचे ब्रज को निरोगी रखने का प्योर डिवोशन फाउंडेशन के साथ अनुबंध है। इस समझौते का मकसद केडी मेडिकल और केडी डेंटल हॉस्पिटल द्वारा राधा कुंड और उसके आस-पास रहने वाली वृद्ध माताओं और अन्य लोगों के लिए नियमित मेडिकल, डेंटल और कम्युनिटी आउटरीच सेवाएं उपलब्ध कराना है। डॉ. लाहौरी ने बताया कि इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर तथा केडी डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल द्वारा चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में वृद्ध माताओं की जांच कर उन्हें जनरल मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक्स, नेत्र रोग, जनरल सर्जरी, ईएनटी, प्रसूति और स्त्री रोग, मनोरोग के साथ-साथ डेंटल और ओरल हेल्थ की सुविधाएं प्रदान की गईं। डॉ. लाहौरी ने बताया कि शिविर में हर व्यक्ति की हेल्थ काउंसलिंग कर उन्हें दवाएं दी गईं। इतना ही नहीं अच्छी ओरल हाइजीन और बचाव वाली स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने के लिए टूथपेस्ट और माउथवॉश भी बांटे गए।
यह चिकित्सा शिविर केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की हेड और वाइस प्रिंसिपल डॉ. गगनदीप कौर तथा केडी डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की प्रिंसिपल डॉ. नवप्रीत कौर, डॉ. मनीश भल्ला के मार्गदर्शन तथा डॉ. निखिल थोराट और डॉ. विदुषी मक्कर के कोऑर्डिनेशन में शाम तक चला। शिविर में मेडिकल, डेंटल, पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं और टीमों ने सहयोग किया। डॉ. गगनदीप कौर ने कहा कि यह पहल स्थानीय समुदाय के लिए लगातार, आसानी से उपलब्ध और मल्टी-डिसिप्लिनरी स्वास्थ्य सेवाएं स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम है। यह पहल समाज के उन वर्गों तक आसानी से उपलब्ध मेडिकल और डेंटल स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए केडी विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को भी दिखाती है। उन्होंने कहा कि केडी विश्वविद्यालय अपने चिकित्सा शिक्षा संस्थानों और लगातार कम्युनिटी आउटरीच कार्यक्रमों के जरिए वहां स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रहा है, जहां अभी तक बहुत कम पहुंचती थीं। वृद्ध माताओं ने केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर तथा केडी डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल के इस सेवाभावी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे राधा कुंड और उसके आसपास के लोगों को काफी सहूलियत मिली है। वृद्ध माताओ ने कहा कि इस क्षेत्र में नियमित मेडिकल और डेंटल स्वास्थ्य सेवाओं की बहुत जरूरत है।









