Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 16 सितम्बर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना से संबंधित कार्यों के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर बुधवार, 16 सितंबर 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी, हाथरस ने की। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला जनगणना प्रभारी सुश्री स्मृति गौतम ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के दौरान किए जाने वाले कार्यों, अधिकारियों एवं कार्मिकों की जिम्मेदारियों तथा जनगणना से संबंधित विवरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संकलित करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में स्वगणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित की जाएगी। इसके बाद जनसंख्या गणना का कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। छूटे हुए परिवारों अथवा आवश्यक संशोधनों के लिए रिवाइज राउंड 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जनगणना के लिए संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।

द्वितीय चरण के दौरान प्रत्येक घर के सभी पारिवारिक सदस्यों का विवरण निर्धारित प्रपत्र में दर्ज किया जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति के संबंध में कुल 40 बिंदुओं पर जानकारी एकत्रित की जाएगी। इसमें व्यक्ति का नाम, आयु, पता, शिक्षा, रोजगार, निशक्तता सहित अन्य आवश्यक व्यक्तिगत एवं पारिवारिक विवरण शामिल होंगे। अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी ने प्रशिक्षण के दौरान निर्देश दिए कि जनगणना कार्य के दौरान प्रत्येक परिवार से आवश्यक जानकारी सावधानीपूर्वक और निर्धारित मानकों के अनुरूप प्राप्त की जाए। किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए प्रत्येक विवरण का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी संबंधित कार्मिकों से जनगणना कार्य की महत्ता को ध्यान में रखते हुए आपसी समन्वय और पूर्ण सावधानी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौ. शम्स तबरेज खॉन, प्रभारी अधिकारी, जनगणना, नन्दकिशोर, जनगणना सहायक, सुनील कुमार, जनगणना सहायक कलेक्ट्रेट, हाथरस, आकाश शर्मा, तकनीकी सहायक कलेक्ट्रेट, हाथरस तथा सभी चार्ज के जनगणना लिपिक एवं तकनीकी सहायकों ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page