
हाथरस 16 सितम्बर। लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के मेला पंडाल में ब्रह्माकुमारी शिविर का शुभारंभ 17 सितंबर को शाम 7:30 बजे किया जाएगा। शिविर में चरित्र निर्माण एवं मूल्य आधारित आध्यात्मिक प्रदर्शनी के साथ स्वर्ग का मनोरम दृश्य भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को श्रेष्ठ संस्कार, सकारात्मक जीवनशैली और चरित्र निर्माण का संदेश दिया जाएगा। आयोजन को लेकर ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं। जिले की प्रभारी राजयोगिनी बीके सीता दीदी ने बताया कि 22 सितंबर से शिविर में विभिन्न वर्गों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतिदिन शाम 3 बजे से होने वाले इन कार्यक्रमों में समाज के अलग-अलग वर्गों को आध्यात्मिक मूल्यों एवं सकारात्मक जीवन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों की श्रृंखला में 22 सितंबर को महिला सशक्तिकरण सम्मेलन, 23 सितंबर को युवा सम्मेलन, 24 सितंबर को समाजसेवी सम्मेलन, 25 सितंबर को सर्वधर्म सम्मेलन, 26 सितंबर को शिक्षक सम्मेलन, 27 सितंबर को स्वास्थ्य सम्मेलन, 28 सितंबर को कवि सम्मेलन, 29 सितंबर को सांस्कृतिक संध्या और 30 सितंबर को अधिवक्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं, 4 अक्टूबर को ब्रह्माकुमारी शिविर का समापन समारोह होगा। बीके सीता दीदी ने हाथरस सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों से शिविर में पहुंचकर आध्यात्मिक एवं चरित्र निर्माण प्रदर्शनी का अवलोकन करने और विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन श्रेष्ठ संस्कारों, सकारात्मक सोच और मूल्यनिष्ठ जीवन के प्रति जागरूकता का संदेश देने का प्रयास है।








