Hamara Hathras

Latest News

सासनी 15 सितम्बर। कस्बे में समर्पण सेवा समिति की ओर से आयोजित 16वें विशाल गणेश चतुर्थी महोत्सव के तहत मंगलवार को भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा के कस्बे में पहुंचने पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) प्रखंड सासनी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर गजानन का भव्य स्वागत किया। शोभायात्रा का शुभारंभ शाम चार बजे खेरामल बगीची, उपाध्यक्ष पेट्रोल पंप के सामने से हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हाथरस सांसद एवं पूर्व राजस्व मंत्री अनूप प्रधान मौजूद रहे। वहीं गणेश पूजन का शुभारंभ बालाजी ग्रुप सासनी के डायरेक्टर ठाकुर महेंद्र सिंह सोलंकी ने किया। इसके बाद शोभायात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई शहीद पार्क पहुंची। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान गणेश के जयकारे लगाते हुए भजनों की धुन पर झूमते नजर आए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस मौके पर विहिप के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को अपनी सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों से धार्मिक भावना के साथ सामाजिक एकता भी मजबूत होती है।

10 दिनों तक गूंजेंगे गणपति के जयकारे

समर्पण सेवा समिति की ओर से शहीद पार्क में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है। 10 दिवसीय गणेश महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 7:30 बजे महाआरती और रात 8 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रवासियों से आगामी 10 दिनों तक आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। कार्यक्रम में विहिप के प्रांत सेवा टोली सदस्य विद्याभूषण गर्ग, प्रखंड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा, प्रखंड सह मंत्री योगेश त्रिवेदी, सचिन भार्गव, बजरंग दल सह संयोजक अंकित शर्मा सहित समर्पण सेवा समिति के पदाधिकारी व कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय और ग्रामीण श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page