
हाथरस 15 सितम्बर। प्रदेश सरकार की इन्वेस्ट यूपी नीति के तहत हाथरस में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के जरिए बड़े उद्योग स्थापित करने की राह आसान होती नजर आ रही है। सलेमपुर में विकसित किए जा रहे नए औद्योगिक क्षेत्र में बहुराष्ट्रीय कंपनियों द्वारा करीब चार हजार करोड़ रुपये के निवेश से दो मेगा फैक्टरियां स्थापित कराने के प्रयास तेज हो गए हैं। इस बड़े निवेश को लेकर आधिकारिक स्तर पर बातचीत अंतिम दौर में पहुंच गई है और आगामी 20 दिनों में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने की उम्मीद है। प्रदेश सरकार का मुख्य जोर हाथरस के इस नए औद्योगिक गलियारे में देश-विदेश के बड़े निवेशकों को आकर्षित करने पर है। वैश्विक स्तर की फैक्टरियां स्थापित होने से हाथरस का औद्योगिक परिदृश्य बदलने के साथ ही जिले और आसपास के हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। सलेमपुर में करीब 499 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नया इंडस्ट्रियल एरिया विकसित किया जा रहा है। यहां चौड़ी सड़कों, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जल निकासी, औद्योगिक सुरक्षा और लॉजिस्टिक सपोर्ट समेत आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित करने का कार्य तेजी से चल रहा है। शासन स्तर से इस क्षेत्र को निवेशकों के लिए सुविधाजनक और आकर्षक बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मथुरा-बरेली हाईवे की कनेक्टिविटी बनी आकर्षण
नए औद्योगिक क्षेत्र की सबसे बड़ी खासियत इसकी भौगोलिक स्थिति मानी जा रही है। यह क्षेत्र मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधे सटा हुआ है। हाईवे से सीधी कनेक्टिविटी होने के कारण यहां स्थापित होने वाले उद्योगों को कच्चा माल मंगाने और तैयार उत्पाद देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने में बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। यही कनेक्टिविटी विदेशी निवेशकों के लिए इस क्षेत्र को आकर्षण का केंद्र बना रही है। शासन स्तर की टीमें लगातार संभावित विदेशी निवेशकों के प्रतिनिधियों के संपर्क में हैं। कोशिश है कि जल्द से जल्द एमओयू और भूमि आवंटन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। यदि प्रस्तावित निवेश को अंतिम रूप मिलता है तो सलेमपुर का यह औद्योगिक क्षेत्र हाथरस के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। अधिकारियों के मुताबिक सलेमपुर में विकसित किया जा रहा नया औद्योगिक क्षेत्र विश्वस्तरीय सुविधाओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। प्रदेश सरकार की सोच के अनुरूप कार्य हुआ तो इस इंडस्ट्रियल एरिया की अपनी अलग पहचान बनेगी। आने वाले दिनों में हाथरस जनपद को बड़े औद्योगिक निवेश के रूप में महत्वपूर्ण सौगात मिलने की उम्मीद है।






