Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 सितम्बर। प्रसिद्ध लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मेला परिसर में तैनात पुलिस एवं पीएसी बल के अधिकारी-कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। ब्रीफिंग के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों को उनकी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचें और ड्यूटी समाप्त होने तक तब तक स्थान न छोड़ें, जब तक उनके स्थान पर दूसरा पुलिसकर्मी रिलिवर के रूप में न पहुंच जाए। उन्होंने ड्यूटी के दौरान अनुशासन, संयम और मेला में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन के साथ अच्छा व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया।

एसपी ने महत्वपूर्ण ड्यूटी स्थलों पर प्रभारी अधिकारियों को वायरलेस सेट साथ रखने के निर्देश दिए। प्रवेश द्वारों पर महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। मीना बाजार में महिलाओं की सुरक्षा तथा घटनाओं की रोकथाम के लिए एंटी रोमियो टीम को लगातार भ्रमणशील रहने और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। आमजन की सुविधा के लिए मेला परिसर में खोया-पाया केंद्र भी बनाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि थाना या चौकी पर समस्या लेकर पहुंचने वाले पीड़ितों के साथ पुलिसकर्मी मृदु व्यवहार करें और उनकी शिकायत को रजिस्टर में दर्ज करते हुए नियमानुसार समाधान कराएं। आपराधिक घटना होने पर थाना कोतवाली नगर में एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। क्षेत्राधिकारी नगर और थाना प्रभारी मेला को पुलिस हेल्पलाइन नंबर जारी कर मेला परिसर के विभिन्न स्थानों पर पंपलेट के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए।

मेला परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। सीसीटीवी कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मी किसी भी आपराधिक गतिविधि या पीड़ित की जानकारी मिलने पर तत्काल थाना प्रभारी मेला को सूचना देकर आवश्यक मदद उपलब्ध कराएंगे। एलआईयू के कर्मचारी सतर्क रहकर सूचनाओं का संकलन करेंगे और मेला परिसर में भीड़ की स्थिति की समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराएंगे। ट्रैफिक पुलिस को पार्किंग व्यवस्था सुचारु रखने तथा पार्किंग संबंधी पंपलेट चस्पा कराने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए मेला सकुशल संपन्न कराने को कहा गया। इसके अलावा बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड द्वारा समय-समय पर मेला परिसर की चेकिंग की जाएगी। ब्रीफिंग के बाद एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा और डीएम अतुल वत्स ने अधिकारियों के साथ पूरे मेला परिसर का भ्रमण किया और सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page