Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 सितम्बर। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान केंद्र सरकार के 12 वर्षों एवं राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों से जनजीवन में आए सकारात्मक बदलावों को प्रमाणिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से विकसित भारत 2047 के संकल्प में युवा, महिला, किसान एवं वंचित वर्ग को आत्मनिर्भर राष्ट्र निर्माण की दिशा में जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न थीमों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दिया’, ‘मेरे सपनों का भारतः चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाट्य एवं मंचन, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ शामिल हैं। जिलाधिकारी ने अभियान के लिए नामित नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करते हुए शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभियान का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लोगों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page