Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 सितम्बर। मा. मुख्यमंत्री जी के सचिव श्री सुरेंद्र सिंह द्वारा सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा के दौरान दिए गए निर्देशों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में थीम-2 “मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा” के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार व्यवस्थित ढंग से आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से विद्यालयवार प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या, प्रतिभाग करने वाले विद्यालयों तथा प्रतियोगिताओं के आयोजन की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि जनपद में करीब 1700 विद्यालयों के लगभग ढाई लाख छात्र-छात्राओं के प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन स्तरों—विद्यालय स्तर, विकासखंड स्तर एवं जनपद स्तर पर किया जाएगा। विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताएं प्रतिदिन आयोजित होंगी। इसके बाद विकासखंड स्तर की प्रतियोगिता 30 सितंबर तथा जनपद स्तर की प्रतियोगिता 2 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। सीडीओ ने बताया कि कक्षा 5 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, जबकि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्तरों पर प्रतियोगिताओं का आयोजन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में प्रतियोगिताओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को इसमें प्रतिभाग कराने पर विशेष जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page