Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 सितम्बर । ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक श्री दाऊजी महाराज के 115वें मेले में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल को इस बार भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। दंगल का उद्घाटन भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजभूषण शरण सिंह करेंगे। आयोजकों को उनके आगमन का कार्यक्रम प्राप्त हो गया है। दंगल को ऐतिहासिक और रोमांचक बनाने के लिए दंगल संयोजक विपुल गौड़ अपनी पूरी टीम के साथ पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए हैं। दंगल कमेटी की ओर से इस बार आयोजन को पहले से अधिक भव्य स्वरूप देने के साथ ही पहलवानों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बृजभूषण शरण सिंह को गदा भेंट कर किया था आमंत्रित

बताया गया कि दंगल संयोजक विपुल गौड़ बीते दिनों अपनी टीम के साथ बृजभूषण शरण सिंह से मुलाकात करने पहुंचे थे। इस दौरान टीम की ओर से उन्हें गदा भेंट कर सम्मानित किया गया और श्री दाऊजी महाराज मेले में आयोजित होने वाले विराट कुश्ती दंगल के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया गया। आयोजकों के अनुसार, बृजभूषण शरण सिंह ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए दंगल में पहुंचने की सहमति दी है।

पहले दिन WFI के नियमों के अनुसार होगी कुश्ती

मंगलवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दंगल को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। आयोजकों ने बताया कि हाथरस दाऊजी मेले में पहली बार दंगल के पहले दिन WFI के नियमों के अनुसार कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। कुश्ती संघ के अधिकारियों के निर्देशन में रेफरी सहित 100 से अधिक पुरुष एवं महिला पहलवान अलग-अलग भार वर्गों में मुकाबला करेंगे। पुरुष वर्ग में 57-65 किलोग्राम, 65-85 किलोग्राम और 85 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में मुकाबले होंगे। वहीं महिला पहलवानों के लिए 55-60 किलोग्राम और 65-70 किलोग्राम भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक भार वर्ग में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल देकर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इससे स्थानीय अखाड़ों के पहलवानों को संघ के नियमों और प्रतियोगी कुश्ती की प्रक्रिया की जानकारी मिलेगी तथा उन्हें आगे करियर के नए अवसर भी प्राप्त हो सकेंगे।

18 से 22 सितंबर तक चलेगा पारंपरिक दंगल

आयोजकों के मुताबिक 18 से 22 सितंबर तक पारंपरिक विराट कुश्ती दंगल का आयोजन होगा। इसमें देश-विदेश के नामचीन पहलवानों के अखाड़े में उतरने की संभावना है। ऐसे में दंगल प्रेमियों को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। दंगल में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह मौजूद रहेंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्र के पहलवानों, कुश्ती प्रेमियों और आम जनता में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी

दंगल के आयोजन से पहले भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। शोभायात्रा सुबह आठ बजे अटल टाल बगीची गौशाला रोड से शुरू होकर मिठाई चौराहा, सरकुलर रोड, पत्थर वाला बाजार, देवी बाग, कमला बाजार, सराफा चौराहा, नया गंज और जामा मस्जिद होते हुए दाऊजी मंदिर स्थित दंगल अखाड़े पर सुबह करीब साढ़े 11 बजे संपन्न होगी।

ये रहेंगे प्रमुख अतिथि

आयोजन में प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य, सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, विधायक अंजुला सिंह माहौर, विधायक वीरेंद्र राना, सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू, प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर सिंह, प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, चेयरमैन श्वेता चौधरी दिवाकर, ब्लॉक प्रमुख पूनम पाण्डेय, पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख सासनी प्रतिभा कमल माहौर, पूर्व सांसद राजेश दिवाकर, पूर्व विधायक हरिशंकर माहौर, जिलाध्यक्ष लोकदल श्याम चौधरी, राजेश सिंह गुड्डू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

प्रेसवार्ता में दंगल अध्यक्ष संतोष शर्मा, सुभाष उपाध्याय, अशोक शर्मा, संदीप जादौन, रानू ठाकुर, गौरव रावत, सौरभ शर्मा, रूपेश दीक्षित, यश वार्ष्णेय, जय शर्मा, तरुण शर्मा, प्रवीन खंडेलवाल, गोपाल माहेश्वरी और गगन शर्मा सहित दंगल कमेटी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। दंगल कमेटी का प्रयास है कि श्री दाऊजी महाराज मेले का 115वां विराट कुश्ती दंगल भव्यता, खेल भावना और रोमांच के लिहाज से यादगार बने। एक ओर जहां पहले दिन WFI के नियमों के तहत पुरुष एवं महिला पहलवान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, वहीं 18 से 22 सितंबर तक होने वाले पारंपरिक दंगल में देश-विदेश के नामचीन पहलवानों के मुकाबले दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page