Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 सितम्बर। थाना हाथरस गेट क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने ससुरालीजनों पर दहेज में स्विफ्ट डिजायर कार की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट, छेड़छाड़ और जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद महिला थाने में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 19 फरवरी 2026 को गगन उर्फ गोपी निवासी बरौली, थाना बल्देव, जिला मथुरा के साथ हुई थी। उसके पिता ने शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि इसके बावजूद ससुरालीजन संतुष्ट नहीं हुए और स्विफ्ट डिजायर कार की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। विवाहिता ने आरोप लगाया कि शादी के करीब 10 दिन बाद उसके देवर ने उसे अकेला पाकर अश्लील हरकत की और दुष्कर्म का प्रयास किया। उसके शोर मचाने पर सास और जेठ ने देवर को रोकने के बजाय उसे ही डांटकर चुप करा दिया। घटना की जानकारी मायके वालों को होने पर उन्होंने ससुर से शिकायत की। इस पर दोबारा ऐसी हरकत नहीं होने का आश्वासन दिया गया।

पीड़िता के मुताबिक, इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि पति को गर्भवती होने की जानकारी हुई तो उसने गर्भपात कराने का दबाव बनाया। विवाहिता ने गर्भपात कराने से इनकार किया तो 27 जून को पति और ननद ने कथित तौर पर उसे जबरन गर्भपात की दवा खिला दी और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि अगले दिन 28 जून की सुबह पति, सास, ससुर, दोनों जेठ और देवर उसे ईको गाड़ी से हाथरस लेकर आए और देवी वाली बगीची मंदिर के सामने छोड़ दिया। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। विवाहिता का कहना है कि दवा खाने के बाद उसका गर्भपात हो गया और उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद मायके वाले उसे अपने साथ ले गए, जहां वैद्य से उसका उपचार कराया गया। मामले में पीड़िता ने एसपी से शिकायत कर ससुरालीजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिसके आधार पर महिला थाने में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page