Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 सितम्बर। जिले में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। शनिवार को सादाबाद क्षेत्र के एक गांव की 23 वर्षीय युवती में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। युवती को उपचार के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही जिले में स्वाइन फ्लू के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। सीएमओ डॉ. वेदप्रकाश ने बताया कि सादाबाद क्षेत्र की युवती को पिछले कुछ दिनों से बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी हो रही थी। परिजन उसे उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने उसके सैंपल जांच के लिए भेजे। जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद युवती को तत्काल बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। इससे पहले जिले में स्वाइन फ्लू के दो मामले सामने आ चुके हैं। पहला मामला मुरसान क्षेत्र में, जबकि दूसरा मामला सिकंदराराऊ क्षेत्र में मिला था। दोनों मरीज अब स्वस्थ बताए जा रहे हैं। सादाबाद क्षेत्र में तीसरा मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है।

सीएचसी और पीएचसी को किया गया अलर्ट

स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट कर दिया है। बुखार, जुकाम और खांसी जैसे लक्षण वाले मरीजों की विशेष निगरानी की जा रही है। संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।

संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग शुरू

स्वास्थ्य विभाग ने सादाबाद क्षेत्र में संक्रमित युवती के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग भी शुरू कर दी है। विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि खांसी-जुकाम या अन्य लक्षण होने पर मास्क का इस्तेमाल करें, भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचें और हाथों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page