
सासनी 09 सितम्बर। सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव सठिया में प्रशासन द्वारा कराई गई पैमाइश के सीमा चिन्ह तोड़कर कृषि भूमि पर कब्जे का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान रामवीर सिंह निवासी सठिया ने तीन लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रामवीर सिंह ने बताया कि गांव सठिया में उसकी कृषि योग्य भूमि है। करीब नौ माह पूर्व राजस्व विभाग ने जमीन की पैमाइश की थी। इसके बाद 11 जून 2026 को प्रशासन और राजस्व अधिकारियों ने दोबारा पक्की पैमाइश कराकर भूमि की सीमाओं पर खंभे लगवाए थे। आरोप है कि 19 जून की रात गांव के ही शिव सिंह, सतीश कुमार और अभिषेक कुमार ने दुर्भावनावश सीमा चिन्ह के रूप में लगाए गए खंभों को तोड़कर उखाड़ दिया और फेंक दिया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने जमीन को जोतकर प्रशासन द्वारा निर्धारित सीमा को मिटाने का प्रयास किया। जानकारी होने पर रामवीर ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपितों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए सीमा चिन्हों को क्षतिग्रस्त किया है, जिससे वह भयभीत है। किसान ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने, जमीन पर दोबारा सीमा चिन्ह स्थापित कराने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।







