Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 सितम्बर। आज दोपहर हाथरस में मौसम ने अचानक करवट ली। पहले आसमान में घने बादल छाए और इसके बाद दोपहर करीब दो बजे तेज बारिश शुरू हो गई, जो शाम करीब चार बजे तक जारी रही। करीब दो घंटे हुई झमाझम बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं शहर के कई हिस्सों में जलभराव ने नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद मोहनगंज, चामड़ गेट, चूना वाला डंडा, नाई का नगला, लाला का नगला, तरफरा रोड, मुरसान गेट, नवीपुर और विष्णुपुरी समेत कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। कई स्थानों पर नाले और नालियां ओवरफ्लो होकर सड़कों पर आ गईं, जबकि कुछ जगह नालियों का गंदा पानी घरों में घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोतवाली सदर और सीएमओ कार्यालय परिसर सहित कई सरकारी कार्यालय भी जलभराव से प्रभावित रहे। सड़कों पर पानी भरने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। तेज बारिश के दौरान कई स्थानों पर बिजली की लाइनों में खराबी आने से विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई। बारिश से बचने के लिए लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश करते नजर आए। मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई दिया। शनिवार को जिले में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि रविवार को अधिकतम तापमान घटकर 27 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हाथरस जिले में मौजूदा मानसून सीजन में अब तक 429 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 485.5 मिलीमीटर है। इस लिहाज से जिले में अब तक सामान्य से करीब 12 प्रतिशत कम बारिश हुई है। रविवार की बारिश ने जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं जगह-जगह हुए जलभराव ने शहर की सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page