हाथरस 04 सितम्बर । कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव खेड़ा चतुर्भुज में एक महिला ने मोहल्ले के कुछ लोगों पर घर में घुसकर उसके और करीब 90 वर्षीय ससुर के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव खेड़ा चतुर्भुज निवासी संजू देवी पत्नी लोकेन्द्र ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि एक सितंबर की रात करीब आठ बजे वह अपने घर में खाना बना रही थीं। उनके करीब 90 वर्षीय ससुर मुख्त्यार सिंह कमरे में बैठे हुए थे।
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोग हाथों में डंडे लेकर गाली-गलौज करते हुए उनके घर में घुस आए। विरोध करने पर आरोपितों ने उन्हें पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और मारपीट शुरू कर दी। संजू देवी के अनुसार, जब उनके बुजुर्ग ससुर ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान एक युवक ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे सिर में गंभीर चोट आई। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट लगने की बात कही गई है। वहीं, बुजुर्ग ससुर के सिर और शरीर पर भी चोटें आने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता के मुताबिक, चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों को हमलावरों से बचाया। आरोप है कि जाते समय हमलावर जान से मारने की धमकी भी देकर गए। घटना के बाद संजू देवी हाथरस जंक्शन थाने पहुंचीं। वहां से उन्हें चोटों की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल भेजा गया। पीड़िता ने एसपी कार्यालय में शिकायत देकर मामले में जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।








