हाथरस 04 सितम्बर । जमीन के कथित दोहरे बैनामे को लेकर मुकदमा दर्ज कराने पर एक अधिवक्ता को फर्जी सीओ कार्यालय का अधिकारी बनकर फोन करने और गाली-गलौज करते हुए धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिवक्ता ने कोतवाली हाथरस सदर में तहरीर देकर सुमित कुमार और मोहित कुमार के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव ऐंहन निवासी अधिवक्ता परीक्षित सिंह शिशौदिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वकालत कर आजीविका चलाते हैं। उनके अनुसार, उन्होंने 24 जनवरी 2025 को गांव जहानपुर, थाना अरनिया, जिला बुलंदशहर निवासी कविता पत्नी सचिन कुमार, पुत्री रामवीर सिंह से एक जमीन का बैनामा कराया था। अधिवक्ता का आरोप है कि कविता जमीन की स्वामिनी न होते हुए भी उसी जमीन का दूसरा बैनामा 31 मार्च को जहानपुर निवासी सुमित कुमार पुत्र सुरेश सिंह के नाम कर दिया। मामले की जानकारी होने पर उन्होंने 8 अप्रैल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर को प्रार्थना पत्र दिया। अधिवक्ता के मुताबिक, क्षेत्राधिकारी खुर्जा द्वारा मामले की जांच किए जाने के बाद 5 जून 2026 को थाना खुर्जा में रामवीर सिंह आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
गवाही के दौरान आया धमकी भरा फोन
परीक्षित सिंह ने आरोप लगाया कि 24 जुलाई को दोपहर के समय वह हाथरस की एडीजे पॉक्सो कोर्ट में गवाही करा रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। उन्होंने बताया कि पहली बार करीब 11 सेकंड और दूसरी बार करीब छह मिनट 30 सेकंड तक बातचीत हुई। आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को सीओ कार्यालय खुर्जा से बताया और जमीन के मुकदमे में नाम लिखाने को लेकर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, फोन करने वाले ने उनकी मां की बीमारी और बेटे के साथ हुई कथित घटना का जिक्र करते हुए उन्हें धमकाया और कहा कि उन्हें देख लिया जाएगा। अधिवक्ता ने जब फोन करने वाले से सीओ कार्यालय आकर बातचीत करने की बात कही तो आरोप है कि उसने फोन काट दिया।
विवेचक से जानकारी मिलने पर हुआ फर्जी पुलिसकर्मी होने का शक
पीड़ित के अनुसार, इसके बाद उन्होंने मामले के विवेचक से फोन पर बात की। विवेचक ने कथित रूप से बताया कि सीओ कार्यालय से ऐसा कोई पुलिसकर्मी फोन नहीं कर रहा है। इसके बाद कॉल करने वाले नंबर की जानकारी की गई तो ट्रूकॉलर पर मोहित कुमार नाम प्रदर्शित हो रहा था। अधिवक्ता ने फोन पर मिली धमकी से मानसिक पीड़ा होने की बात कहते हुए सुमित कुमार और मोहित कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली हाथरस सदर पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले में फोन कॉल, संबंधित नंबर और जमीन के विवाद से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के बाद आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








